दीपावली और छठ पर्व को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, डीएम और एसपी ने रात में चेक पोस्टों का किया निरीक्षण

Report: A.K. Chaudhary

दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में गुरुवार की रात जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने त्रिवेणीगंज प्रखंड के विभिन्न चेक पोस्टों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेक पोस्टों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ड्यूटी का जायजा लिया। साथ ही उन्हें पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

इस दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पुलिस प्रशासन को 24 घंटे सक्रिय और तत्पर रहना है। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी नागरिक को दिन हो या रात, किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में आम नागरिक डायल 112 पर कॉल कर पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

वहीं, आगामी पर्वों को देखते हुए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने और शांति एवं सौहार्द का माहौल बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *