दीपावली-छठ को लेकर सुपौल प्रशासन अलर्ट, 6 हजार से अधिक लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई, 64 डीजे जब्त

Report: A.K. Chaudhary

आगामी दीपावली, लोक आस्था के महापर्व छठ एवं अन्य पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर सुपौल जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाधिकारी ने बताया कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री एवं भंडारण निर्धारित नियमों और वैध अनुज्ञप्ति के तहत ही किया जा सकेगा। इसके लिए अधिकतम 30 दिनों की अवधि के लिए अस्थायी लाइसेंस प्रपत्र (LE-5) जारी करने हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है। उन्होंने पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

वहीं, पर्व-त्योहारों के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, ढाबा, स्ट्रीट फूड स्टॉल, कैंटीन सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही गैस एजेंसियों को घरेलू उपभोक्ताओं तक सिलेंडर की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इधर, पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने दुर्गा पूजा एवं काली पूजा 2026 के दौरान 4 नवंबर तक जिले में की गई निरोधात्मक कार्रवाई का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न थानों में कुल 271 प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। वहीं, BNSS की धारा 126 के तहत 6,027 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जबकि 2,183 लोगों को बॉन्ड डाउन कराया गया है। इसके अलावा 64 डीजे जब्त किए गए हैं और 170 डीजे संचालकों के विरुद्ध बॉन्ड डाउन की कार्रवाई की गई है।

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

छठ महापर्व को देखते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, पिपरा, निर्मली और त्रिवेणीगंज समेत जिले के प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और जाम की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है।

अंत में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से दीपावली, छठ और अन्य पर्व-त्योहारों को आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही पटाखों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार और सुरक्षित तरीके से करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]