Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनापट्टी स्थित तिलावे पुल पर देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। निर्मली से घर लौटने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद बाइक में अचानक आग लग गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बाइक की तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ।

घायलों की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के महेसुवा निवासी 22 वर्षीय सदानंद कुमार, 19 वर्षीय मनखुश कुमार और पिपरा थाना क्षेत्र के निर्मली निवासी 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।







