Report: A.K. Chaudhary
आगामी दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए सुपौल जिले के सिमराही बाजार में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। पर्व के दौरान बाजार में आमजनों, महिलाओं एवं वाहनों की संभावित भीड़ को देखते हुए वीरपुर अनुमंडल प्रशासन की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, 4 नवंबर 2026 से अगले आदेश तक सिमराही बाजार के चार प्रमुख मार्गों पर अलग-अलग समय के लिए अधिकारियों एवं पुलिस बलों की तैनाती रहेगी। इसमें सिमराही बाजार चौक से मधेपुरा जाने वाली सड़क, सरायगढ़ जाने वाली सड़क, प्रतापगंज जाने वाली सड़क और वीरपुर जाने वाली सड़क शामिल हैं। इन सभी मार्गों पर जेपी चौक से 200 मीटर की दूरी तक भीड़ एवं यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है।

प्रशासन की ओर से सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक दो पालियों में ड्यूटी निर्धारित की गई है। प्रत्येक निर्धारित स्थल पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल की तैनाती की गई है। इसमें पुरुष पुलिस लाठी बल के दो जवान, महिला पुलिस लाठी बल के दो जवान तथा जिला पुलिस केंद्र सुपौल से पुलिस बल शामिल रहेंगे।
जारी संयुक्त आदेश में प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने स्थल पर उपस्थित रहकर भीड़ एवं जाम को नियंत्रित करने तथा विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं, पूरे प्रतिनियोजन कार्य की निगरानी के लिए कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत सिमराही एवं थानाध्यक्ष राघोपुर को वरीय प्रभारी बनाया गया है।
जानकारी देते हुए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान सिमराही बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पहले से ही प्रशासनिक तैयारी की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।







