Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में शनिवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, सुपौल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने कला, संस्कृति, साहित्य और संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार, उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

युवा उत्सव के दौरान समूह लोक गायन, समूह लोक नृत्य, कविता लेखन, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में समूह लोक गायन में 13 टीमों और समूह लोक नृत्य में 4 टीमों ने हिस्सा लिया। वहीं कविता लेखन प्रतियोगिता में 7 प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में 22 बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोकगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों में बिहार की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली। वहीं, कविता और चित्रकला के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता एवं विचारों को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि युवा देश और समाज के भविष्य हैं। उनमें अपार प्रतिभा, ऊर्जा और रचनात्मक क्षमता है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने की अपील की।

वहीं, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू ने कहा कि युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य जिले की युवा प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि लोकगीत, लोकनृत्य, चित्रकला, कविता और नुक्कड़ नाटक जैसी विधाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध बनाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर आगामी आयोजनों के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस मौके पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, अवर निर्वाचन पदाधिकारी कमलेश कुमार, सीडीपीओ सदर राजीव रंजन सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।







