Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर दौलत पंचायत के भगता टोला स्थित बोचहा धार में जलकुंभी में शनिवार को सुबह में एक नवजात बच्ची मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। धार में बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पटुआ छुड़ा रही महिलाओं ने उसे पानी के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बच्ची को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर अस्पताल में भर्ती कर लिया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को भगता टोला की कुछ महिलाएं बोचहा धार में पटुआ छुड़ाने का काम कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें पानी के बीच से किसी बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। पहले महिलाओं को आवाज के स्रोत का पता नहीं चला, लेकिन जब उन्होंने ध्यान से सुना तो उन्हें धार में किसी नवजात के होने का एहसास हुआ। इसके बाद महिलाएं कमर भर पानी में उतरकर आवाज की दिशा में पहुंचीं। वहां उन्होंने पानी में फेंकी गई एक नवजात बच्ची को देखा। महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को पानी से बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।

बच्ची को बाहर निकालने के बाद महिलाओं ने बिना देर किए उसे रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक ने बच्ची की जांच कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। इस दौरान उसे ऑक्सीजन भी लगाया गया।
जानकारी देते हुए भगता टोला वार्ड संख्या 11 निवासी पिंकी देवी ने बताया कि वह अन्य महिलाओं के साथ धार में पटुआ छुड़ा रही थीं। इसी दौरान बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर सभी महिलाएं पानी में उतरीं और खोजबीन के दौरान बच्ची पानी में मिली। इसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। पिंकी देवी ने बताया कि बच्ची को इस हालत में देखकर उनका मन व्यथित हो गया। उन्होंने बच्ची को गोद लेने और अपने घर में रखकर उसका पालन-पोषण करने की इच्छा जताई है।
वहीं, रेफरल अस्पताल राघोपुर के चिकित्सक डॉ. राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि कुछ महिलाएं नवजात बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंची थीं। जांच के बाद बच्ची की स्थिति ठीक बताई गई है। एहतियात के तौर पर उसे ऑक्सीजन लगाया गया है और प्रारंभिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
अब सवाल उठता है कि नवजात बच्ची को किसी ने जल कुम्भी में क्यों फेंका, क्या बच्ची होने के कारण उसे फेंक दिया गया या और कुछ बात है। यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं।







