सुपौल: दीपावली से पहले सिमराही बाजार में मिठाई दुकानों और होटलों की जांच, संचालकों को गुणवत्ता व साफ-सफाई के निर्देश

Report: A.K. Chaudhary

आगामी दीपावली सहित अन्य पर्व-त्योहारों को देखते हुए आम लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने जांच अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में सुपौल जिले के वीरपुर एसडीएम विनय कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमराही बाजार में विभिन्न मिठाई दुकानों और होटलों का निरीक्षण किया गया।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमर कुमार ने राघोपुर थाना पुलिस के साथ बाजार की अलग-अलग मिठाई दुकानों और होटलों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिठाइयों के रखरखाव और होटल के किचन की स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान दुकानों में साफ-सफाई, मिठाइयों को रखने के तरीके और किचन की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया।

जानकारी देते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमर कुमार ने बताया कि आगामी दीपावली सहित अन्य पर्व-त्योहारों के मद्देनजर यह निरीक्षण किया गया है। त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य सामग्रियों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में दुकानदारों की जिम्मेदारी है कि वे ग्राहकों को शुद्ध, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान होटल और मिठाई दुकान संचालकों को मिठाइयों की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने, खाद्य सामग्री का सही तरीके से रखरखाव करने, किचन की नियमित साफ-सफाई करने तथा किसी भी प्रकार की मिलावट से दूर रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही खाद्य सामग्री तैयार करने और रखने वाले स्थानों को स्वच्छ रखने की हिदायत दी गई।

जांच के दौरान कुछ होटलों के किचन में गंदगी पाई गई। इस पर संबंधित संचालकों को नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द सफाई कराने और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार के मिठाई दुकानदारों और होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। पर्व-त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]