Report: A.K. Chaudhary
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) का 14वां स्थापना दिवस सोमवार को सुपौल जिले के विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, राघोपुर के कार्यालय परिसर में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और निबंध लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, राघोपुर के विद्युत कार्यपालक अभियंता धनंजय सिंह ने की। आयोजन में संत जेवियर हाई स्कूल, डॉ. राजेंद्र पब्लिक स्कूल, द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में संत जेवियर हाई स्कूल की कक्षा आठवीं की वैष्णवी गुप्ता ने प्रथम, इसी विद्यालय के आयुष कुमार ने द्वितीय तथा संस्कृति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में डॉ. राजेंद्र पब्लिक स्कूल की कक्षा छठी की पुष्पा रानी प्रथम स्थान पर रहीं। रजनीकांत पब्लिक स्कूल के हर्षित कुमार ने द्वितीय तथा द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी की सोनाली कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी छह विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।

स्थापना दिवस के अवसर पर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय परिसर में विशेष साफ-सफाई और आकर्षक सजावट की गई थी। इसके अलावा अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले विद्युत विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने और बेहतर उपभोक्ता सेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करना था।

जानकारी देते हुए विद्युत कार्यपालक अभियंता धनंजय सिंह ने बताया कि नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का स्थापना दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य कंपनी की उपलब्धियां को साझा करने के साथ उपभोक्ताओं को बेहतर, सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच मिलता है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वे पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साह भी बढ़ता है। विभाग उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विधुत सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान कंपनी की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया गया। समापन के अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।







