सुपौल: करजाईन में धान के खेत से हाथ-पैर बंधा 55 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत परमानंदपुर पंचायत के वार्ड नंबर चार में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से करीब 300 मीटर दूर धान के खेत में एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव हाथ-पैर बंधी अवस्था में बरामद हुआ। मृतक की पहचान विद्यानंद सदा के रूप में हुई है। शव की स्थिति और गर्दन पर जख्म के निशान मिलने से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, रविवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। सोमवार अहले सुबह करीब तीन बजे विद्यानंद सदा शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर से लगभग 300 मीटर दूर धान के खेत में उनका शव मिला। मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और गर्दन पर भी जख्म के निशान पाए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर करजाईन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। इधर, एसपी शरथ आर. एस. भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी लिए।

घटना को लेके एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि डॉग स्क्वायड टीम घटनास्थल पर पहुंची है। घटनास्थल पर जांच कर आगे की कार्यवाई की जा रही है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पता चल पाएगा।

फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। शव मिलने की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]