Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित पिपरा बाजार में सोमवार की देर शाम आग लगने से पांच परिवारों के घर जलकर राख हो गए। इस घटना में घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर समेत दैनिक उपयोग का सारा सामान नष्ट हो गया। अगलगी की घटना पिपरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 की है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर शाम एक घर में बिजली की शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के चार अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई।

घटना के बाद आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पांचों घर और उनमें रखा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अगलगी में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और भोजन की समस्या खड़ी हो गई है।







