Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के मरौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अब मरीजों को डिजिटल एक्स-रे की सुविधा मिलने लगी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने सिविल सर्जन बाबू साहब झा और मरौना प्रखंड प्रमुख मंजुला कुमारी की उपस्थिति में फीता काटकर इस सेवा का शुभारंभ किया। मौके पर मिथिलांचल की पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ जिलाधिकारी का स्वागत किया गया।

स्वास्थ्य केंद्र में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद डीएम मरौना हाईस्कूल पहुंचे। यहां मनरेगा योजना के तहत कराए जा रहे मिट्टी भराई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक और संबंधित प्रतिनिधि से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। स्कूल में अब तक रंग-रोगन नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परिसर में जलजमाव, छत की स्थिति और विद्यालय में रंग-रोगन नहीं कराए जाने का मामला सामने आया। डीएम ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को जरूरी सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी के इस दौरे से एक ओर जहां मरौना में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ, वहीं दूसरी ओर सरकारी शिक्षण संस्थानों की बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को लेकर प्रशासनिक पहल भी तेज होती नजर आई।







