सुपौल: डीएम के फर्जी आदेश-हस्ताक्षर का खेल, जालसाजी के आरोप में युवक गिरफ्तार

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल में आपदा जैसी गंभीर एवं अतिसंवेदनशील स्थिति के बीच सरकारी आदेश और जिलाधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर का कथित रूप से अनुचित इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। मामले में जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय की जांच के दौरान जालसाजी का खुलासा हुआ, जिसके बाद आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, सुपौल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, किशनपुर प्रखंड अंतर्गत सुकमारपुर एवं सिरसवा में बाढ़ कटाव प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई, पॉलीथिन शीट्स एवं सूखा राशन वितरण कराने के संबंध में एक आवेदन जिलाधिकारी, सुपौल के समक्ष दिया गया था। आवेदन सही विषय पर दिया गया था, लेकिन आरोप है कि उस आवेदन पर जिलाधिकारी के फर्जी आदेश एवं हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया जा रहा था।

जांच के दौरान आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता एवं सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवेदन की जांच की गई। जांच में कथित जालसाजी सामने आने के बाद आरोपी जिले के किशनपुर थाना अंतर्गत सुकमारपुर वार्ड 12 निवासी अभिषेक यादव को संबंधित आवेदन, फर्जी आदेश के साक्ष्य एवं मोबाइल फोन के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए किशनपुर के प्रभारी अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को सौंप दिया गया।

मामले में आपदा प्रबंधन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी दस्तावेजों एवं अधिकारियों के हस्ताक्षर के दुरुपयोग के मामलों में सख्ती का संदेश गया है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]