
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के सिमराही स्थित लखीचंद साहू उच्च माध्यमिक विद्यालय सह मॉडल स्कूल का अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकास कुमार ने मंगलवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, साफ-सफाई, उपस्थिति, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, खेल सामग्री और शुल्क रसीद सहित कई व्यवस्थाओं में खामियां पाई गईं। इन कमियों पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी की जांच में गड़बड़ी मिली। अनुपस्थित बच्चों के लिए अवकाश आवेदन भी नहीं पाया गया। विद्यालय में कुल 913 बच्चों का नामांकन है, लेकिन उपस्थित बच्चों की संख्या का योग नहीं किया गया था। इस पर एडीएम ने नाराजगी जताई और उपस्थिति से संबंधित रिकॉर्ड को सही तरीके से संधारित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद एडीएम ने स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया। वहां मौजूद शिक्षकों से बच्चों की कुल संख्या पूछी गई, लेकिन शिक्षक सही संख्या नहीं बता सके। उन्होंने शिक्षकों को विद्यालय और बच्चों से संबंधित जरूरी जानकारी रखने का निर्देश दिया। कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान एडीएम ने सभी कंप्यूटरों को चलाकर जांच की। जांच में छह में से चार कंप्यूटर खराब मिले। कंप्यूटर कक्ष में अव्यवस्था देखकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और खराब कंप्यूटरों को ठीक कराने तथा कक्ष को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।

एडीएम ने विद्यालय के विभिन्न लैब का भी निरीक्षण किया। लैब में गंदगी और अव्यवस्था मिलने के साथ-साथ संसाधनों की कमी भी पाई गई। इस पर उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्था में सुधार करने को कहा। लाइब्रेरी की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। लाइब्रेरी के रखरखाव को लेकर एडीएम ने नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी की स्थिति से वे काफी निराश दिखे और पुस्तकों को व्यवस्थित रखने तथा बच्चों को लाइब्रेरी का नियमित लाभ देने का निर्देश दिया।

उन्होंने अलग-अलग वर्ग कक्षों में जाकर पढ़ाई की स्थिति भी देखी। इस दौरान बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर उन्होंने निराशा जताई। कक्षा में पढ़ाते समय एडीएम ने शिक्षकों से विषय से संबंधित प्रश्न पूछे, लेकिन शिक्षक सही जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उन्होंने बच्चों से भी सवाल पूछे, जिसका बच्चे भी सही जवाब नहीं दे सके। इस पर एडीएम ने संबंधित शिक्षक को पढ़ाई के स्तर को लेकर फटकार लगाई और बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान लेसन प्लान नहीं मिलने पर भी एडीएम ने खेद जताया। उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से लेसन प्लान तैयार कर उसके अनुसार पढ़ाई कराने का निर्देश दिया। खेल सामग्री कक्ष के निरीक्षण में कई सामान रखे हुए मिले, जिन पर धूल जमी थी। खेल सामग्री का इस्तेमाल नहीं होने पर एडीएम ने नाराजगी जताई और बच्चों को उपलब्ध खेल सामग्री का नियमित उपयोग कराने का निर्देश दिया।

विद्यालय में आयोजित मासिक परीक्षा की कॉपियों की जांच के दौरान भी गड़बड़ी सामने आई। कुछ कॉपियों में गलत तरीके से अंक दिए जाने पर एडीएम ने नाराजगी जताई और शिक्षकों को कॉपियों की जांच सावधानी और सही तरीके से करने का निर्देश दिया। बच्चों से लिए जाने वाले शुल्क की रसीदों की जांच में भी गड़बड़ी पाई गई। इस पर संबंधित व्यवस्था को दुरुस्त करने और शुल्क से संबंधित सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया।
एडीएम ने विद्यालय के कॉमन रूम का भी निरीक्षण किया। वहां सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन खराब मिली। उन्होंने इसे जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया, ताकि छात्राओं को सुविधा मिल सके। 12वीं के स्मार्ट क्लास का निरीक्षण करने के दौरान भी अव्यवस्था और संसाधनों की कमी पर एडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का सही तरीके से उपयोग करने और स्मार्ट क्लास को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।

वही मॉडल स्कूल के निरीक्षण से पहले एडीएम ने अंचल कार्यालय राघोपुर स्थित आरटीपीएस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां लोगों को दी जा रही सेवाओं और कार्यों की जानकारी ली तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मौके पर बीडीओ सत्येंद्र कुमार, सीओ रश्मि प्रिया उपस्थित रहे।







