सुपौल: राघोपुर में बिस्कोमान खाद गोदाम का एसडीएम ने किया निरीक्षण, किसानों को ससमय और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने का निर्देश

Report: A. K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित बिस्कोमान खाद गोदाम का बुधवार को वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद के भंडारण, वितरण व्यवस्था और किसानों को खाद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली। एसडीएम ने संबंधित कर्मियों को किसानों के साथ बेहतर और सम्मानजनक व्यवहार रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कहा कि किसानों को खाद के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खाद लेने के लिए आने वाले किसानों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और ऑनलाइन आवेदन करने में जरूरत पड़ने पर उनकी सहायता की जाए, ताकि तकनीकी या जानकारी के अभाव में किसी किसान को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित एवं उचित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराया जाए। खाद वितरण में पारदर्शिता बरतने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि जरूरतमंद किसानों को ससमय खाद मिल सके। उन्होंने कहा कि कृषि कार्य के महत्वपूर्ण समय में खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी मयंक आर्यन भी मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने एसडीएम को खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी। एसडीएम ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि खाद वितरण की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखते हुए किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाए जाएं।

Leave a Comment