सुपौल के 2.63 लाख पेंशन लाभार्थियों के खाते में पहुंची 28.80 करोड़ रुपये की राशि

Report: A.K. Chaudhary

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत सितंबर माह में सुपौल जिले के 2,63,342 लाभार्थियों के बैंक खातों में अगस्त 2026 की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के 1,05,67,975 लाभार्थियों के खातों में 1100 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से पेंशन राशि का अंतरण किया। राज्य स्तर पर कुल 12,33,86,79,800 रुपये की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। वहीं, सुपौल जिले के लाभार्थियों को कुल 28,80,93,200 रुपये की राशि मिली।

सुपौल जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,72,308 लाभार्थियों को 20,32,93,200 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 49,535 लाभार्थियों को 5,46,28,500 रुपये तथा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 11,752 लाभार्थियों को 1,33,83,400 रुपये की राशि अंतरित की गई।

इसी तरह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 13,781 लाभार्थियों को 1,53,68,200 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 15,169 लाभार्थियों को 1,69,09,700 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 797 लाभार्थियों को 8,76,700 रुपये की पेंशन राशि भेजी गई।

इस अवसर पर सुपौल जिला मुख्यालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 100 से अधिक लाभार्थियों के साथ जिलाधिकारी सावन कुमार एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। पेंशन राशि समय पर खाते में पहुंचने पर लाभार्थियों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]