Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड अंतर्गत बैसा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) जनता फागू मेहता उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पदस्थापित 12 शिक्षकों में 10 उपस्थित मिले। एक शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर थीं, जबकि एक शिक्षक आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण में गए थे।
डीएम ने विद्यालय में संचालित कक्षाओं का जायजा लिया तथा शिक्षकों द्वारा तैयार की जा रही पाठ-टिप्पणी और बच्चों की साप्ताहिक मूल्यांकन उत्तरपुस्तिकाओं का अवलोकन किया। कार्य संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने संबंधित शिक्षकों और बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया। इसके अलावा ICT लैब, ISM लैब, स्मार्ट क्लास, वर्गकक्ष और शौचालय का भी निरीक्षण किया, जो संतोषजनक पाए गए।

डीएम ने विद्यालय परिसर में संचालित प्राथमिक विद्यालय बैसा एवं प्राथमिक विद्यालय कबियाही (शिफ्ट) का भी निरीक्षण किया। वर्गकक्ष की कमी को देखते हुए दोनों विद्यालयों का पठन-पाठन एक साथ संचालित करने का निर्देश दिया गया। प्राथमिक विद्यालय बैसा में कक्षा चार के बच्चों द्वारा हिंदी का पाठ धाराप्रवाह नहीं पढ़ पाने पर डीएम ने संबंधित शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षा आयोजित कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का निर्देश दिया।
डीएम ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगने और विद्यालय का लगातार निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद रहे।








