Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत धरहरा स्थित बाबा भीमशंकर मंदिर में मंदिर की व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर शनिवार देर शाम प्रबुद्धजनों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम सह बाबा भीमशंकर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने की। इसमें मंदिर की व्यवस्थाओं, दुकानों के संचालन, पूजा-पाठ, श्रद्धालुओं की सुविधा और आय-व्यय में पारदर्शिता को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि मंदिर परिसर में संचालित प्रत्येक दुकान का विधिवत पंजीकरण होना चाहिए। सभी दुकानदारों से प्राप्त राशि मंदिर न्यास समिति के खाते में जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मंदिर की आय का उचित लेखा-जोखा रखा जा सके। उन्होंने मंदिर परिसर में आर्थिक पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की बात कही।
बैठक में मंदिर के सामने स्थायी बैरिकेडिंग और शेड निर्माण कराने पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान सुविधा उपलब्ध कराने के साथ भीड़ नियंत्रण को बेहतर बनाना है। मंदिर में नियमित पूजा व्यवस्था को लेकर कहा कि सुबह 4:30 बजे और संध्या 7:30 बजे पूजा हो। एसडीएम ने मंदिर परिसर स्थित शिवगंगा की व्यवस्था को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने शिवगंगा के चारों ओर सीढ़ियों के विस्तार की आवश्यकता बताई, ताकि श्रद्धालुओं को वहां आने-जाने में सुविधा मिल सके।
बैठक में मंदिर न्यास समिति के आय-व्यय का जिला स्तर की लेखा टीम से ऑडिट कराने पर भी सहमति बनी। साथ ही मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से QR कोड सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शित करने और विभिन्न सेवाओं एवं दुकानों से संबंधित रेट चार्ट भी स्पष्ट रूप से लगाने की बात कही गई।
बैठक में मौजूद प्रबुद्धजनों ने मंदिर की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। एसडीएम ने कहा कि मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा, पारदर्शी व्यवस्था और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में मौके पर अंचलाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया समेत मंदिर न्यास समिति के सदस्यगण व स्थानीय लोग उपस्थित थे।







