Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में आयोजित श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। गणेश महोत्सव के तहत आयोजित इस विशेष धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। गंगा आरती के लिए बनारस से विशेष रूप से विद्वानों को आमंत्रित किया गया था। विद्वानों द्वारा विधि-विधान के साथ भव्य तरीके से गंगा आरती की गई।

गंगा आरती के दौरान मारवाड़ी धर्मशाला परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। आरती में शामिल होने और इसे देखने के लिए सिमराही सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ से आयोजन स्थल गुलजार रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की और गंगा आरती में शामिल होकर धार्मिक वातावरण का आनंद लिया।

गौरतलब है कि पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में श्री गणेश पूजा समिति, नगर पंचायत सिमराही की ओर से 15 सितंबर से 20 सितंबर तक श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को गणेश पूजा एवं प्राण प्रतिष्ठा के साथ छह दिवसीय महोत्सव की शुरुआत हुई थी। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा, संध्या आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन समिति के कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को नन्हें-मुन्ने बाल कलाकारों की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 18 सितंबर को श्री गणेश लीला का आयोजन होगा, जबकि 19 सितंबर को भक्ति जागरण का कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान प्रसिद्ध सिंगर पल्लवी झा द्वारा भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी। महोत्सव का समापन 20 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं नगर भ्रमण के साथ होगा। इस दौरान भव्य रोड शो भी निकाला जाएगा।
गंगा आरती के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। आयोजन समिति की ओर से महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की गई है।







