News Desk Patna:
आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विभिन्न रूटों पर पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों से बिहार के यात्रियों को पुणे, मुंबई, अहमदाबाद, वलसाड, अजमेर, जोधपुर, कोटा और श्रीगंगानगर सहित कई प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार लोकमान्य तिलक-समस्तीपुर स्पेशल 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार तथा वापसी में 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार चलेगी। वहीं लोकमान्य तिलक-दानापुर स्पेशल का परिचालन 9 अक्टूबर से 21 नवंबर तक प्रतिदिन किया जाएगा। वापसी में यह ट्रेन 11 अक्टूबर से 23 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी।
इसके अलावा रक्सौल-लोकमान्य तिलक स्पेशल 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और वापसी में 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार चलेगी। सहरसा-लोकमान्य तिलक स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार तथा वापसी में लोकमान्य तिलक-सहरसा स्पेशल प्रत्येक रविवार को निर्धारित अवधि में परिचालित होगी।
पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए पुणे-दानापुर-पुणे स्पेशल 30 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। वहीं मुजफ्फरपुर-हडपसर (पुणे)-मुजफ्फरपुर स्पेशल 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार तथा वापसी में 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार चलेगी। राजस्थान और पश्चिमी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। श्रीगंगानगर-समस्तीपुर-श्रीगंगानगर स्पेशल प्रत्येक रविवार और मंगलवार को निर्धारित अवधि में चलेगी।
वहीं अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल का परिचालन 16 अक्टूबर से शुरू होगा। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार अहमदाबाद से दरभंगा के लिए रवाना होगी तथा वापसी में प्रत्येक सोमवार को दरभंगा से चलेगी। इसके अतिरिक्त वलसाड-दानापुर-वलसाड स्पेशल को पूजा स्पेशल के रूप में विस्तारित किया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार वलसाड से तथा मंगलवार को दानापुर से चलेगी।
रेलवे ने मदार (अजमेर)-पटना-मदार स्पेशल, भगत की कोठी (जोधपुर)-दानापुर स्पेशल और सोगरिया (कोटा)-दानापुर स्पेशल का भी परिचालन किया है। इन ट्रेनों के जरिए राजस्थान और कोटा क्षेत्र से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
इनमें से अधिकांश स्पेशल ट्रेनों का ठहराव डीडीयू, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर समेत विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए इन ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।







