Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के प्रतापगंज स्थित पब्लिक उच्च विद्यालय के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास टाइप-4 में शुक्रवार को दोपहर के भोजन के दौरान सब्जी में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं में घबराहट फैल गई। इसके बाद कई छात्राएं तबीयत बिगड़ने की शिकायत लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्रतापगंज पहुंचीं। हालांकि, एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि चार छात्राएं बीमार हुई थीं, जो अब खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के अनुसार, उक्त छात्रावास में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की छात्राएं रहती हैं। दोपहर में भोजन करने के दौरान छात्रा गंगा कुमारी ने सब्जी में छिपकली देखी। बताया जाता है कि छिपकली दिखाई देने से पहले वह कुछ खाना खा चुकी थी। सब्जी में छिपकली मिलने की खबर छात्रावास में फैलते ही छात्राएं घबरा गईं। इसके बाद कुछ छात्राओं ने जी मिचलाने, चक्कर आने और उल्टी जैसी शिकायतें कीं। स्थिति को देखते हुए छात्रावास प्रबंधन छात्राओं को लेकर अस्पताल पहुंचा।

सीएचसी में चिकित्सकों की टीम ने छात्राओं की जांच कर उपचार शुरू किया। प्रीति कुमारी, कोमल कुमारी, पूजा कुमारी, रूपा कुमारी, मोनू कुमारी, श्वेता कुमारी और सोनी कुमारी समेत अन्य छात्राएं अस्पताल पहुंचीं। चिकित्सकों ने छात्राओं की स्थिति का आकलन किया और जरूरत के अनुसार उपचार किया। अधिकारियों के अनुसार, छिपकली मिलने की घटना के बाद घबराहट के कारण भी कई छात्राओं ने तबीयत खराब होने की शिकायत की।
अस्पताल पहुंचे अधिकारी, लिया स्थिति का जायजा
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ पवन कुमार, बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा, सीओ विकास, थानाध्यक्ष रौशन कुमार, बीईओ सितेश झा और डीपीआरओ शिल्पा कुमारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं के स्वास्थ्य, उपचार तथा मामले की जानकारी ली।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : एसडीएम
एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि छिपकली मिलने के बाद विद्यालय की सभी छात्राएं घबरा गईं और अस्पताल पहुंचने लगीं। इस घटना में चार छात्राएं बीमार हुई थीं, जिनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







