Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के युवक-युवतियों को सशस्त्र बलों एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), बीरपुर की ओर से पांच दिवसीय निःशुल्क भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत 26 अक्टूबर से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण 30 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

इस कार्यक्रम का आयोजन सीमावर्ती क्षेत्र के वाइब्रेंट विलेज लालमणपट्टी, साहेबान, ढाढा, सतना एवं कुनौली के विभिन्न विद्यालयों में किया जा रहा है। इसके माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

इस संबंध में 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के युवक-युवतियों को सशस्त्र बलों एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए प्रेरित करना और उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं में राष्ट्रसेवा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। 45वीं वाहिनी SSB, बीरपुर की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं के सशक्तीकरण, नागरिक कल्याण और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।







