बिहार MLC चुनाव: पटना शिक्षक सीट पर BJP को झटका, RJD के डॉ. संजीव कुमार यादव जीते; 4 शिक्षक सीटों के नतीजे घोषित

Report: A.K. Chaudhary

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजों ने राजनीतिक दलों के समीकरण बदल दिए हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव को हार का सामना करना पड़ा, जबकि राजद के प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार यादव ने जीत दर्ज की। वहीं, दरभंगा, सारण और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी मुकाबले के बाद परिणाम घोषित हो गए हैं। शिक्षक कोटे की चार सीटों पर भाजपा, राजद, जन सुराज पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी ने एक-एक सीट हासिल की है। शेष चार सीटों पर मतगणना जारी है।

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी सुरेश राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधान पार्षद मदन मोहन झा को 324 मतों से पराजित किया। वहीं, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा से निष्कासित निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज ने शानदार जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी। उन्होंने जदयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी आफाक अहमद को पीछे छोड़ दिया। राहुल राज ने 1815 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

सारण शिक्षक सीट पर राहुल राज की जीत के पीछे शिक्षकों के बीच उनकी सक्रियता और जमीनी संपर्क को अहम माना जा रहा है। वर्ष 2023 से ही वे लगातार शिक्षकों के संपर्क में थे और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे। इसके अलावा, एनडीए के भीतर संभावित भितरघात और स्थानीय स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ को भी उनकी जीत के प्रमुख कारणों में गिना जा रहा है। पांच जिलों में फैले इस निर्वाचन क्षेत्र में उन्होंने खुद को सारण का बेटा बताते हुए चंपारण से अपने पारिवारिक संबंधों का भी उल्लेख किया, जिससे मतदाताओं के बीच उनकी अपील मजबूत हुई।

उधर, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के राजग समर्थित प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह (एनपी सिंह) ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा को 594 मतों से हराया। इस चुनाव में मौजूदा विधान पार्षद और सीपीआई प्रत्याशी संजय सिंह तीसरे स्थान पर रहे। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर के शिक्षक मतदाता मतदान करते हैं।

नरेंद्र प्रसाद सिंह की जीत पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि यह जीत शिक्षकों के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रति विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित विधान पार्षद शिक्षकों के सम्मान, कल्याण और शिक्षा व्यवस्था के विकास के लिए लगातार काम करेंगे।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के इन नतीजों से जहां भाजपा को कुछ सीटों पर सफलता मिली है, वहीं पटना में राजद और दरभंगा में जन सुराज की जीत ने विपक्षी खेमे को मजबूती दी है। सारण में निर्दलीय प्रत्याशी की जीत ने यह भी संकेत दिया है कि शिक्षक मतदाताओं के बीच स्थानीय संपर्क और उम्मीदवार की व्यक्तिगत छवि चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकती है। शेष चार सीटों के परिणाम आने के बाद विधान परिषद चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]