कोसी स्नातक सीट पर डॉ. एनके यादव की लगातार तीसरी जीत, नितेश यादव को 10,026 वोटों से हराया

News Desk Purnea:

बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त दिनेश कुमार ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस जीत के साथ डॉ. यादव ने एक बार फिर कोसी क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ साबित की है।

आधिकारिक चुनाव परिणाम के मुताबिक, डॉ. एनके यादव को कुल 31,823 मत प्राप्त हुए, जबकि राजद प्रत्याशी नितेश यादव को 21,797 वोट मिले। दोनों उम्मीदवारों के बीच 10,026 मतों का अंतर रहा। वहीं, जन सुराज के प्रत्याशी रजनीश रंजन को 16,264 और कांग्रेस प्रत्याशी मनोज जायसवाल को 2,297 मत प्राप्त हुए।

इस चुनाव में कुल 73,487 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इनमें 9,086 मत अवैध पाए गए, जबकि 64,401 मत वैध घोषित किए गए। चुनाव में निर्धारित कोटा 32,201 मत था। प्रथम वरीयता के 11 राउंड की मतगणना में डॉ. एनके यादव को 24,258 वोट मिले थे। इसके बाद द्वितीय वरीयता के मतों की गणना की गई, जिसके आधार पर उन्हें विजेता घोषित किया गया।

जीत के बाद डॉ. एनके यादव ने इसे जनता के विश्वास और समर्थन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने उनके कार्यों पर भरोसा जताया है। वह आगे भी जनता के हित में काम करते रहेंगे। उन्होंने विशेष रूप से स्नातक बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *