Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले में नशे के अवैध कारोबार और हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लौकहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के बरुआरी गांव में छापेमारी कर अवैध हथियार, कारतूस, कोडीनयुक्त कफ सिरप, स्मैक और शराब समेत अन्य सामान बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस बरामद नशीले पदार्थों और हथियारों के स्रोत के साथ आरोपियों के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज का भी पता लगा रही है।
जानकारी देते हुए सुपौल के एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में नशे के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर 2026 को बरुआरी गांव में भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार के साथ तस्करों के एकत्र होने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए लौकहा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने दंडाधिकारी के साथ बरुआरी गांव निवासी सज्जन कुमार के ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 19.3 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप, एक लोडेड पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, 15 ग्राम स्मैक, एक मोटरसाइकिल, सात हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
इसके बाद गिरफ्तार आरोपी गुड्डू सिंह की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी की गई। वहां से 60 ग्राम स्मैक, 1.7 लीटर कफ सिरप, 2.25 लीटर अंग्रेजी शराब, 15 लीटर देसी चुलाई शराब, एक मोबाइल फोन और 6,350 रुपये नकद बरामद किए गए। इस दौरान एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
हथियार, स्मैक और शराब समेत कई सामान बरामद
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों छापेमारी में कुल एक लोडेड पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, 21 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप, 60 ग्राम स्मैक, 2.25 लीटर अंग्रेजी शराब, 15 लीटर देसी चुलाई शराब, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 13,350 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू सिंह उर्फ जीडी सिंह, कैलाश कुमार, बॉबी कुमार सिंह, राजन सिंह, और सुमन कुमार सिंह, के रूप में हुई है। सभी आरोपी लौकहा थाना क्षेत्र के गढ़बरुआरी वार्ड संख्या 04, 05, 06 और 08 के निवासी बताए गए हैं।
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि बरामद मादक पदार्थों, अवैध हथियारों और अन्य सामान के संबंध में लौकहा थाना में सुसंगत धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों को नशीले पदार्थ और हथियार कहां से मिलते थे तथा इस अवैध कारोबार में उनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।







