सुपौल: धनतेरस पर खरीदारी से गुलजार रहे बाजार, देर रात तक रही रौनक, झाड़ू की सबसे ज्यादा हुई खरीदारी, एसडीएम-डीएसपी ने लिया जायजा

Report: A.K. Chaudhary

धनतेरस के शुभ अवसर पर शुक्रवार को सुपौल जिलेभर में खरीदारी को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही जिले के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ने लगी थी, जो देर रात तक कायम रही। सुपौल, राघोपुर, सिमराही, गणपतगंज, त्रिवेणीगंज, पिपरा, वीरपुर और निर्मली सहित जिले के लगभग सभी छोटे-बड़े बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पर्व को लेकर लोगों ने शुभ मुहूर्त में जमकर खरीदारी की। बाजारों में उमड़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए।

मूर्ति खरीदते लोग

धनतेरस को लेकर सुबह से ही बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, पूजा सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ ही बाजारों में भीड़ बढ़ती चली गई। शाम होते-होते प्रमुख बाजारों की सड़कों पर लोगों की भारी चहल-पहल देखने को मिली। दुकानों के बाहर ग्राहकों की कतारें लगी रहीं, वहीं सड़कों पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही के कारण कई जगहों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

झाड़ू खरीदते लोग

झाड़ू बनी इस बार की पहली पसंद

इस बार धनतेरस पर झाड़ू की खरीदारी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मान्यता के अनुसार शुभ मानी जाने वाली झाड़ू खरीदने के लिए दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी थी। इसके अलावा लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार देवी-देवताओं की मूर्तियां, पीतल एवं स्टील के बर्तन, सोना-चांदी के सिक्के, आभूषण और अन्य घरेलू सामानों की खरीदारी की। बाजारों में छोटी-बड़ी दुकानों पर देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ बनी रही।

बाजार में खरीदारी करते लोग

बाजारों में दिखी रौनक और उत्साह

धनतेरस के अवसर पर सिमराही बाजार में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। बाजार में खरीदारों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण मुख्य सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। खासकर NH-27 और NH-131 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाजार में पैदल चलने वालों और दोपहिया व चारपहिया वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।

जाम हटाते राघोपुर पुलिस

हालांकि, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय अपने पुलिस टीम के साथ लगातार सड़कों पर मुस्तैद रही। सिमराही बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मुख्य चौक-चौराहों, बाजार के प्रवेश मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस जवान मुस्तैद नजर आए। वहीं, सड़कों पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिसकर्मी लगातार प्रयास करते रहे। पुलिस की सक्रियता के कारण बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ वाहनों के आवागमन को सुचारू करने की कोशिश जारी रही।

एसडीएम और डीएसपी ने किया बाजारों का निरीक्षण

धनतेरस के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार एवं डीएसपी पवन कुमार ने सिमराही, गणपतगंज, करजाईन सहित विभिन्न बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

सिमराही में निरीक्षण करते एसडीएम व डीएसपी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाजारों की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर नजर रखी। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया।

सड़को पर लगा जाम

देर रात तक बाजार में बनी रही रौनक

धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ से कारोबारियों में भी उत्साह देखने को मिला। देर रात तक बाजार में रौनक बनी रही। बर्तन दुकानों से लेकर ज्वेलरी शॉप, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामानों की दुकानों तक ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। व्यापारियों के अनुसार, इस बार छोटे सामानों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में खास उत्साह देखने को मिला।

गणपतगंज में निरीक्षण करते एसडीएम व डीएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]