सुपौल: मरौना में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, घर का सामान जलकर राख

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के मरौना थाना क्षेत्र के मरौना दक्षिणी पंचायत स्थित रतोह गांव के वार्ड संख्या-5 में रविवार रात करीब 10 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। अचानक लगी आग से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की चपेट में आने से घर में रखे घरेलू सामान और मोटरसाइकिल समेत कई वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, आग देवनारायण यादव के बड़े पुत्र राजेश कुमार यादव के घर में लगी। राजेश यादव अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। रविवार रात ग्रामीणों ने उनके घर से आग की लपटें उठती देखीं, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि, तब तक घर में रखी मोटरसाइकिल, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान जल चुके थे। अगलगी से मकान को भी काफी क्षति पहुंची है।

प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना की सूचना स्थानीय स्तर पर अंचलाधिकारी को दी गई है। पीड़ित परिवार को हुए नुकसान का आकलन कर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। घटना से परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *