आईआईटी बॉम्बे से सिविल इंजीनियरिंग में पीएचडी हासिल करने पर डॉ. रोहित प्रिंस को सिमराही में किया गया सम्मानित

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या-13 निवासी डॉ. रोहित कुमार प्रिंस ने आईआईटी बॉम्बे जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में पीएचडी की उपाधि हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सोमवार को सिमराही बाजार स्थित एक होटल परिसर में स्वागत-सह-सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

डॉ. रोहित कुमार प्रिंस, रामचंद्र जायसवाल एवं सुभद्रा जायसवाल के पुत्र हैं। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत सिमराही की उपमुख्य पार्षद विनीता देवी, वार्ड पार्षद गोपीकांत झा और पूर्व मुखिया विजय चौधरी उपस्थित रहे।

इस दौरान वार्ड पार्षद गोपीकांत झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मिथिला की पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार डॉ. प्रिंस को पाग एवं शॉल पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, समारोह में मौजूद अन्य अतिथियों और गणमान्य लोगों ने भी माला एवं शॉल भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

मौके पर गोपीकांत झा ने कहा कि डॉ. रोहित कुमार प्रिंस की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर प्रयास और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है। आईआईटी बॉम्बे जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से पीएचडी प्राप्त करना पूरे सिमराही और कोसी क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि डॉ. प्रिंस की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी प्रतिभा और ज्ञान से समाज एवं देश के विकास में योगदान देंगे।

समारोह में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. रोहित कुमार प्रिंस की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

इस अवसर पर लाल प्रसाद स्वर्णकार, मनीष भगत, संजय चौधरी, अमित चौधरी, शंकर चौधरी, रश्मि कुमारी, सुशांत सौरभ, सुप्रिया कुमारी, अरविंद कुमार जायसवाल, नीलम जायसवाल, मनीष कुमार जायसवाल, राजेंद्र चौधरी, गिरिधर चौधरी, नारायण चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *