सुपौल: रतनपुर में सरकारी योजनाओं के लाभुकों को विधायक और डीएम ने किया सम्मानित, बांटे प्रमाण-पत्र

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड के रतनपुर पंचायत में सोमवार को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के लिए प्रमाण-पत्र वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह, जिलाधिकारी सावन कुमार और वीरपुर एसडीएम विनय कुमार सहित कई वरीय अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक नीरज कुमार सिंह ने की।

इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत चयनित लाभुकों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपने संबोधन में विधायक नीरज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ उठाने की अपील की।

वहीं, जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सभी सरकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र लाभुक लाभ से वंचित नहीं रहे।

समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, लाभुक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *