सुपौल में जदयू की जिला स्तरीय बैठक, मंत्री लेसी सिंह ने 24 नवंबर को सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिला जदयू कार्यालय में बुधवार को जिला स्तरीय कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने की। मौके पर सांसद दिलेश्वर कामत, पिपरा विधायक रामविलास कामत, निर्मली विधायक अनिरुद्ध यादव, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम सरदार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद कार्यक्रम की तैयारियों और इसकी सफलता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के क्षेत्र में शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि सुपौल जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत में स्थानीय विधायक एवं उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया है।

मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इसी उपलब्धि और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 24 नवंबर को सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इसे उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]