Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित रेफरल अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने और जर्जर भवनों की समस्या दूर करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। मंगलवार को बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल) के मैनेजिंग डायरेक्टर सुब्रत सेन ने जिलाधिकारी सावन कुमार एवं अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की आधारभूत संरचना, चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को हो रही परेशानियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने ओपीडी भवन, डिलीवरी वार्ड, 50 शैय्या वाले प्री-फैब फील्ड अस्पताल और पुराने रेफरल अस्पताल के जर्जर भवनों की स्थिति देखी। अस्पताल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए 30 बेड की क्षमता वाला नया अस्पताल भवन बनाने को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।

बीएमएसआईसीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुब्रत सेन ने कहा कि पहले चरण में 30 बेड का अस्पताल तैयार कराने की दिशा में प्रयास किया जाएगा, जिससे स्थानीय मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि अस्पताल में खासकर महिला मरीजों को जांच और इलाज के लिए कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नए भवन का निर्माण जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वर्तमान जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन को हटाकर अस्पताल परिसर की पश्चिमी सीमा की तरफ नया भवन बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
अस्पताल परिसर की जमीन पर बनेगी चारदीवारी
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने अस्पताल की जमीन का विधिवत सीमांकन कराने और परिसर के चारों ओर चारदीवारी बनवाने की मांग रखी। इस पर डीएम ने भरोसा दिलाया कि जमीन की मापी और सीमांकन अपने स्तर से कराया जाएगा। साथ ही चारदीवारी निर्माण के लिए भी जरूरी कार्रवाई की जाएगी। इससे अस्पताल की जमीन को सुरक्षित रखने के साथ परिसर के बेहतर विकास का रास्ता साफ होगा।
खराब सीबीसी मशीन की जगह होगी नई व्यवस्था
अस्पताल में उपलब्ध जांच सुविधाओं की समीक्षा के दौरान मैनेजिंग डायरेक्टर ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीप नारायण राम से उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि पैथोलॉजी जांच में इस्तेमाल होने वाली सीबीसी मशीन खराब पड़ी है। इस पर सुब्रत सेन ने सेमी ऑटो एनालाइजर मशीन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

वहीं एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सुविधा की भी समीक्षा की गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि एक्स-रे जांच नियमित रूप से हो रही है, लेकिन तकनीशियन के अभाव में अल्ट्रासाउंड सेवा बंद है। इस समस्या के समाधान के लिए अस्पताल में तैनात महिला चिकित्सक को छह महीने का प्रशिक्षण दिलाकर अल्ट्रासाउंड जांच शुरू कराने का निर्देश दिया गया। इससे गर्भवती महिलाओं सहित अन्य महिला मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी उठा प्रस्ताव
अस्पताल के भविष्य के विस्तार को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने 100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित करने का प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर बीएमएसआईसीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर ने इसे भविष्य की योजना बताते हुए फिलहाल बाद में विचार करने की बात कही।
इसके अलावा अस्पताल में नर्सिंग कर्मियों की कमी का मामला भी सामने आया। इस पर डीएम सावन कुमार ने तत्काल पांच नर्सिंग स्टाफ की पोस्टिंग कराने की बात कही, जिससे मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा सके।
प्री-फैब अस्पताल में पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
अधिकारियों की टीम ने 50 शैय्या वाले प्री-फैब फील्ड अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भी जायजा लिया। निरीक्षण में इमरजेंसी ओटी वार्ड में पानी और वॉशिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की समस्या सामने आई। इस पर संबंधित अधिकारियों को जल्द पाइपलाइन लगवाने का निर्देश दिया गया, ताकि आपातकालीन उपचार और अन्य चिकित्सकीय कार्यों में परेशानी न हो।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी सावन कुमार ने मीडिया को बताया कि अस्पताल के क्षतिग्रस्त और जर्जर भवनों की जगह 30 बेड का नया अस्पताल भवन बनाने की पहल की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि राघोपुर क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलें तथा उन्हें इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की मजबूरी कम हो।







