Report: A.K. Chaudhary
बिहार में सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ी कार्रवाई की है। इसी क्रम में सुपौल जिले की सिमराही एवं निर्मली नगर निकाय की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय सहयोग शिविर के दौरान सरकारी योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन नहीं करने, लापरवाही बरतने तथा आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटारा नहीं करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। इस मामले में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के कुल 15 पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है।
निलंबित अधिकारियों की सूची में सुपौल जिले से वीणा वैशाली का नाम दसवें क्रमांक पर दर्ज है। उन्हें नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत निर्मली एवं सिमराही की कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित बताया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी निर्देश में सभी जिला पदाधिकारियों, विभागीय सचिवों एवं संबंधित अधिकारियों को सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आवेदनों का केवल समय पर निष्पादन ही नहीं, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण निपटारा भी हो।
निर्देश में यह भी कहा गया है कि यदि किसी पदाधिकारी या कर्मी के संबंध में यह जानकारी मिलती है कि आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान किए बिना किसी प्रकार का टालमटोल किया जा रहा है, तो उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री के इस आदेश के बाद सुपौल जिले में निर्मली एवं सिमराही की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली का निलंबन प्रशासनिक महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।







