सुपौल: भाई दूज और छठ की खरीदारी को लेकर सिमराही बाजार में भीषण महाजाम, 5 किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार, एंबुलेंस समेत हजारों वाहन फंसे, एसपी ने संभाली कमान, देर शाम मिली राहत

Report: A.K. Chaudhary

भाई दूज और छठ पर्व की खरीदारी के बीच बुधवार को सिमराही बाजार में भीषण महाजाम लग गया। बाजार से गुजरने वाले एनएच-27 और एनएच-131 पर दोनों ओर पांच किलोमीटर से अधिक दूरी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते पूरा बाजार जाम की चपेट में आ गया। करीब 5 घंटे से अधिक समय तक हजारों छोटी-बड़ी गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। आखिरकार एसपी शरथ आर. एस. के मौके पर पहुंचने और पुलिस बल के प्रयासों के बाद शाम करीब सात बजे लोगों को जाम से राहत मिली।

दरअसल, भाई दूज के साथ छठ पर्व की खरीदारी को लेकर सुबह से ही सिमराही बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही थी। बाजार में खरीदारों की संख्या बढ़ने के साथ ही वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ता गया। सिमराही जेपी चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। कुछ ही देर में दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को थोड़ी दूरी तय करने में भी घंटों लग गए। कई लोग अपने जरूरी काम छोड़कर जाम खुलने का इंतजार करते रहे।

मजिस्ट्रेट और पुलिस की तैनाती भी नहीं आई काम

गौरतलब है कि पर्व-त्योहार को देखते हुए वीरपुर अनुमंडल प्रशासन की ओर से सिमराही जेपी चौक के चारों तरफ करीब 200 मीटर के दायरे को खाली रखने का निर्देश दिया गया था। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी। इसके बावजूद बाजार में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रतिनियुक्त कर्मियों की सक्रियता और निगरानी में कमी के कारण समय रहते जाम पर नियंत्रण नहीं हो सका। लोगों का कहना था कि यदि शुरुआत से ही प्रभावी तरीके से वाहनों को नियंत्रित किया जाता और सड़क पर अतिक्रमण व अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाती तो इतनी गंभीर स्थिति उत्पन्न नहीं होती। प्रशासन की ओर से पहले से व्यवस्था किए जाने के बावजूद जाम लगना कई सवाल खड़े कर रहा है।

दो राष्ट्रीय राजमार्गों का जंक्शन होने से बढ़ती है परेशानी

सिमराही बाजार में एनएच-27 और एनएच-131 का प्रमुख जंक्शन है। दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग बाजार के बीच एक-दूसरे को क्रॉस करते हैं। इस कारण सामान्य दिनों में भी यहां वाहनों का दबाव बना रहता है। वहीं, पर्व-त्योहार और विशेष अवसरों पर बाजार में भीड़ बढ़ने के साथ जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।

इसके बावजूद यहां स्थायी यातायात प्रबंधन की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को बार-बार इस परेशानी से जूझना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिमराही बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थायी समाधान की जरूरत है, ताकि पर्व-त्योहार के दौरान इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।

थानाध्यक्ष से लेकर एसपी तक सड़क पर उतरे

भीषण जाम की सूचना मिलने पर राघोपुर पुलिस यातायात बहाल कराने में जुट गई। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय स्वयं सड़क पर उतरकर वाहनों को हटवाते और आवागमन सामान्य कराने का प्रयास करते दिखे। जाम की गंभीरता को देखते हुए प्रतापगंज थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके अलावा वीरपुर डीएसपी पवन कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था बहाल कराने में जुटे रहे।

हालांकि, वाहनों की भारी संख्या के कारण देर शाम तक जाम की समस्या बनी रही। स्थिति सामान्य नहीं होने पर एसपी शरथ आर. एस. खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था की कमान संभाली और पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।

शाम सात बजे मिली जाम से राहत

कई घंटों की मशक्कत के बाद बुधवार शाम करीब सात बजे सिमराही बाजार में यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुई। इसके बाद जाम में फंसे वाहन चालकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। हालांकि, इस दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रतिनियुक्ति के बावजूद ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मियों पर उठे सवाल

इस घटना ने पुलिस- प्रशासन की यातायात व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब प्रशासन को पहले से ही भाई दूज के अवसर पर बाजार में भीड़ बढ़ने का अंदेशा था और इसके लिए पुलिस एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी, तो फिर ड्यूटी में कथित लापरवाही क्यों हुई? क्या प्रतिनियुक्त अधिकारियों की उपस्थिति की निगरानी की गई थी? यदि नहीं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?

फिलहाल सिमराही बाजार में लगे इस महाजाम ने पर्व के दिन प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

भाई दूज और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व के मौके पर सिमराही बाजार में लगे इस महाजाम ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले से पुलिस और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के बावजूद इतनी लंबी जाम की स्थिति उत्पन्न होना प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय है। अब जरूरत है कि सिमराही बाजार में पर्व-त्योहार के दौरान यातायात नियंत्रण के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में आम लोगों और मरीजों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]