उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Report: A.K. Chaudhary

लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। इस अवसर पर सुपौल जिले के विभिन्न छठ घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की।

सुबह होने से पहले ही जिले के विभिन्न नदी घाटों, तालाबों, पोखरों और जलाशयों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। चारों ओर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल के बीच व्रतियों ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों को सजाकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण कर चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का समापन किया गया।

इससे पूर्व रविवार की शाम जिलेभर के छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया था। वहीं, रविवार की रात विभिन्न घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कई स्थानों पर भक्ति संगीत और छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आकर्षक सजावट और रोशनी से सजे घाटों पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिले के विभिन्न छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न घाटों पर व्यवस्थाओं की निगरानी भी की गई। संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरती गई।

पूरे जिले में छठ महापर्व को लेकर उत्साह, उल्लास और भक्ति का माहौल देखने को मिला। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के समापन के साथ ही घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे। लोगों ने एक-दूसरे को छठ की शुभकामनाएं दीं। लोक आस्था का यह महापर्व एक बार फिर सामाजिक एकता, पारिवारिक प्रेम और लोक संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश कर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]