छठ पर्व को लेकर सुपौल में परिवहन विभाग सख्त, तीन टीमें कर रहीं बसों की जांच, 12 बसों पर कार्रवाई

Report: A.K. Chaudhary

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सुपौल जिला प्रशासन और परिवहन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों से बस संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूले जाने और असुरक्षित बसों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सज्जन के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम विभिन्न बस स्टैंडों और प्रमुख मार्गों पर बसों की जांच कर रही है। इसके लिए मोटरयान निरीक्षक और प्रवर्तन अवर निरीक्षक के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो एक साथ विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चला रही हैं।

जांच के दौरान बसों में निर्धारित किराया सूची चस्पा है या नहीं, यात्रियों से तय किराए से अधिक राशि तो नहीं ली जा रही है, इसकी विशेष रूप से पड़ताल की जा रही है। टीम बसों में सफर कर रहे यात्रियों से सीधे बातचीत कर किराया वसूली और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों की जानकारी भी ले रही है।

इसके अलावा बसों की फिटनेस, भौतिक स्थिति और यात्री सुरक्षा से जुड़े मानकों की भी जांच की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान जर्जर एवं परिचालन के लिए अयोग्य बसों का संचालन नहीं हो सके। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध जुर्माने सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक 12 बसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 85 हजार रुपये की शमन राशि का चालान किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बस संचालकों को निर्धारित किराया वसूलने, किराया सूची प्रदर्शित करने और फिटनेस युक्त बसों का ही परिचालन करने का निर्देश दिया है। वहीं, यात्रियों से अपील की गई है कि अधिक किराया वसूली या असुरक्षित बसों के परिचालन की शिकायत परिवहन विभाग को दें, ताकि संबंधित संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *