Report: A.K. Chaudhary
लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही सुपौल जिले के बीरपुर में एक नई धार्मिक परंपरा की शुरुआत हुई। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप बीरपुर स्थित कोसी हहिया धार में शुक्रवार को पहली बार गंगा आरती की तर्ज पर भव्य कोसी आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा घाट भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मां कोसी की आराधना के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

कोसी आरती के आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष रूप से वाराणसी से नौ सदस्यीय आचार्यों की टीम बुलाई गई थी। बनारस के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती की तर्ज पर आचार्यों ने शंखनाद, घंटियों की गूंज और विशाल दीपों के साथ मां कोसी की आरती की। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए बीरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

इंडो-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में पहली बार आयोजित इस कोसी आरती में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू, वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार, नगर पंचायत वीरपुर के मुख्य पार्षद सुशील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि बीरपुर नगर पंचायत की ओर से छठ महापर्व के अवसर पर पहली बार गंगा आरती की तर्ज पर कोसी आरती का आयोजन किया गया है। यह पहल क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे न केवल छठ महापर्व की भव्यता बढ़ेगी, बल्कि बीरपुर स्थित हैया धार को एक नए धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में यहां श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ सकती है।
एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर बीरपुर में पहली बार आयोजित कोसी आरती क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इस तरह के धार्मिक आयोजनों से न केवल स्थानीय लोगों की आस्था को नई ऊर्जा मिलती है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि हैया धार को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की अच्छी संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजनों से बीरपुर को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिल सकती है।







