सुपौल: छठ घाटों की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे थानाध्यक्ष, चेयरमैन और ईओ, दिए आवश्यक निर्देश

Report: A.K. Chaudhary

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पिपरा नगर पंचायत प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में थानाध्यक्ष किशोर कुमार, नगर पंचायत चेयरमैन मनोज कुमार सिंह और कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी शामिल रहे।

इस दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग घाटों पर चल रहे साफ-सफाई, मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने घाटों के आसपास गंदगी और सफाई व्यवस्था में कमी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए पर्व से पहले सभी घाटों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

वहीं, थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने घाटों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, रोशनी, गोताखोरों की तैनाती और पुलिस बल की उपलब्धता को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गहरे पानी वाले स्थानों पर खतरे का निशान लगाने और संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखने की बात कही।

कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने घाटों की सीढ़ियों, पहुंच पथ, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। जहां सीढ़ियां क्षतिग्रस्त और रास्ते असमतल मिले, वहां तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते दुरुस्त करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने स्थानीय लोगों और छठ पूजा समितियों के सदस्यों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय लोगों ने घाटों पर अतिरिक्त रोशनी, बेहतर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए। चेयरमैन ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे छठ घाटों पर सावधानी बरतें, गहरे पानी में जाने से बचें और बच्चों पर विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

अधिकारियों ने भरोसा जताया कि छठ पर्व शुरू होने से पहले सभी घाटों पर जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में भगवान सूर्य की आराधना कर सकें।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत उप चेयरमैन अरुण गुप्ता, शिबू नायक, वार्ड पार्षद, नगर पंचायत कर्मी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *