Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के कर्णपुर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच योजनाओं से संबंधित लाभ का वितरण किया।

शिविर में जिलाधिकारी सावन कुमार ने कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत मंतोष कुमार को चेक प्रदान किया। वहीं, दो लाभार्थियों को राशन कार्ड तथा एक लाभार्थी को श्रम कार्ड वितरित किया गया।

इस दौरान डीएम एवं एसपी ने शिविर में पहुंचे आम लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।
बता दें कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।







