सुपौल: पिपरा में भीषण सड़क हादसा, बाइक-पिकअप की टक्कर में युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत थूमहा में मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बाइक और पिकअप वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, थूमहा वार्ड संख्या-7 निवासी लालो राम के पुत्र रोहित राम मंगलवार की देर शाम अपने एक साथी के साथ बाइक से थूमहा बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान बाजार के समीप मंदिर से करीब सौ मीटर आगे पिपरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में रोहित राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रोहित की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *