Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित एक होटल परिसर में रविवार को श्री वैष्णवी एग्रो साईन्स कम्पनी की ओर से किसान मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मक्का की नई एवं उन्नत किस्मों, बेहतर उत्पादन तकनीक और फसल प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने किसानों को संबोधित करते हुए खेती में नई तकनीकों को अपनाने और वैज्ञानिक तरीके से फसल उत्पादन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए बिहार-झारखंड के रीजनल मैनेजर राकेश कुमार ने बताया कि कंपनी से जुड़े किसान मार्गदर्शी किसान हैं। ये किसान अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में अन्य किसानों को कंपनी के उत्पादों एवं कृषि संबंधी जानकारियों के प्रति जागरूक करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना और उन्हें खेती से जुड़ी नई जानकारियों से अवगत कराना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आगे बताया कि श्री वैष्णवी एग्रो साईन्स कम्पनी की ओर से मक्का चार प्रकार की किस्मों का उत्पादन किया जाता है। जिसमें वैष्णवी 2527, 5577, 2525 एवं कृष्णा 6203 गेहूं शामिल है। इन किस्मों की विशेषताओं, उनकी उपयोगिता और खेती के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी देने के उद्देश्य से किसान मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों को मक्का की उन्नत किस्मों के चयन, फसल की देखभाल, उचित प्रबंधन और बेहतर उत्पादन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी गई।

कंपनी के प्रतिनिधियों ने किसानों से खेती में समय-समय पर जरूरी कृषि सलाह लेने तथा नई तकनीकों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही बीज का चयन और फसल का उचित प्रबंधन कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के अंत में बेहतर सहभागिता एवं किसानों के उत्साहवर्धन के लिए उपस्थित किसानों के बीच पुरस्कार और बीज का वितरण किया गया। इससे किसानों में काफी उत्साह देखने को मिला। समारोह के दौरान किसानों ने भी कंपनी के प्रतिनिधियों से खेती और मक्का उत्पादन से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।
इस मौके पर टीएम सुपौल नवीन कुमार, टीएम मधेपुरा राहुल कुमार, एमडीओ सौरभ झा सहित कंपनी के अन्य प्रतिनिधि एवं जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों किसान मौजूद रहे।







