![Voice Reader](https://newsexpressbihar.com/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/play.png)
![Stop Voice Reader](https://newsexpressbihar.com/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/stop.png)
![Pause](https://newsexpressbihar.com/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/pause.png)
![Resume](https://newsexpressbihar.com/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/play.png)
न्यूज डेस्क सुपौल:
भारतीय जनता पार्टी के सिमराही नगर इकाई द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 74वां जन्मदिन भव्य तरीके से मनाया गया। यह आयोजन नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित हुआ। जिसमें स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंगलवार को सभी कार्यकर्ता नगर अध्यक्ष के व्यवसायिक प्रतिष्ठान में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में केक काटा और मिठाई बांटी। इस अवसर पर सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु जीवन की कामना की और उनके नेतृत्व में देश की लगातार प्रगति की सराहना की।
![](https://newsexpressbihar.com/wp-content/uploads/2024/09/img-20240919-wa00097053028998939738718-1024x461.jpg)
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार प्रदेश मंत्री सह क्षेत्रीय प्रभारी सरोज झा ने प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका विजन और मेहनत भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर कई सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जो समाज के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को विश्व का सबसे बड़ा नेता बताया और कहा कि उनके नेतृत्व के कारण भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिमराही नगर भाजपा प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करती है। इस अवसर पर नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा ने भी प्रधानमंत्री की नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत उनके नेतृत्व में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है और जल्द ही विकसित राष्ट्र का दर्जा प्राप्त करेगा।
इस कार्यक्रम में भाजपा नगर महामंत्री राजकुमार पौदार, महिला मोर्चा जिला महामंत्री स्मृति कुमारी, मयंक गुप्ता, आशीष चौधरी, अनुज गिरी, तरुण यादव, नरेश, राधेश्याम, रोहित और गुड्डू जीजीआर समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।