News Desk Supaul:
सुपौल जिला मुख्यालय पर गुरुवार को छात्र युवा संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन एक्ट के समर्थन और उस पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र डिग्री कॉलेज से मार्च करते हुए गौरवगढ़ चौक, बस स्टैंड, लोहिया चौक होते हुए समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता गौतम आनंद ने कहा कि यूजीसी का प्रगतिशील और समानता आधारित रेगुलेशन 2026 देशभर के विश्वविद्यालयों में सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। साथ ही विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव एवं उत्पीड़न रोकने के लिए रोहित एक्ट को पारित किया जाए। उन्होंने जनगणना में जाति कॉलम जोड़कर जातिगत जनगणना कराने की भी मांग की।

छात्र नेता उदय मंडल सियोटा ने कहा कि सभी केंद्रीय, राज्य एवं अन्य विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरा जाए तथा आरक्षण रोस्टर का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो, ताकि विश्वविद्यालयों में सामाजिक न्याय, समान अवसर और गरिमामयी शैक्षणिक वातावरण कायम हो सके।
वहीं छात्र नेता प्रिय ने कहा कि कैंपसों में भेदभाव खत्म करने की पूरी जिम्मेदारी यूजीसी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी द्वारा लाई गई नियमावली पर सुप्रीम कोर्ट ने कुछ लोगों के दबाव में रोक लगा दी है। सरकार से मांग की गई कि संसद में यूजीसी एक्ट लाकर इसे पारित किया जाए, जिससे एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों को न्याय मिल सके।
छात्र नेता मनीष यादव ने कहा कि संस्थानों में दलित, पिछड़ा, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों पर हो रहे संस्थागत हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं ई. विद्याभूषण ने कहा कि यह आंदोलन दशकों से जाति, धर्म, लिंग और क्षेत्र के आधार पर शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त ऐतिहासिक अन्याय को सुधारने का प्रयास है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इस बिल पर लगी रोक हटाकर सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की आत्मा के अनुरूप पुनर्विचार करने की अपील की।
प्रदर्शन में अनिल कुमार, संतोष सोयटा, डॉ. अमित कुमार चौधरी, रितेश यादव, कुंदन मंडल, अरुण कुशवाहा, डॉ. विकास विमल, नीतीश यादव, राणा कुमार, लिलेश कुमार, भास्कर, सौरभ राणा, मो. जिब्राइल, देवीलाल, नवनीत, अजय, प्रांजल, किवी कुंदन, मिट्ठू कुमार, महेश कुमार, सुनील कुमार, चंदन, अखिलेश, लक्ष्मण, कृत्यानंद, आशीष, दीपक, अनिल, दीपेश सहित बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक मौजूद रहे।







