सुपौल में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, स्मैक व 1400 से अधिक प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

News Desk Supaul:

सुपौल जिले में शराब और गांजा के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब पुलिस और मद्य निषेध विभाग ने महंगे नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस व मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने शहर और आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। इस दौरान तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद सूखे नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ा है, जिसकी चपेट में बड़ी संख्या में युवा आ रहे हैं। इसे गंभीर चुनौती मानते हुए सुपौल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र के लालगंज, वार्ड नंबर 11 स्थित एक घर में पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। यह छापेमारी लालगंज निवासी कामेश्वर यादव के घर में की गई, जहां से करीब 1275 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए। इस मामले में आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने अलग स्थान पर छापेमारी कर 24 पुड़िया स्मैक और 147 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए। इस मामले में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के हरदी, वार्ड नंबर 08 निवासी विवेक कुमार एवं हरदी वार्ड नंबर 10 निवासी शंकर कुमार के रूप में की गई है।

पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और मद्य निषेध विभाग का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा और कानून की नाक के नीचे इस तरह के धंधे करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन क्षेत्रों में खपाने की योजना थी।

Leave a Comment