Report: A.K Chaudhary
जिले के सिमराही स्थित प्रतिष्ठित विद्यालय द हिल्स पब्लिक स्कूल के परिसर में शुक्रवार एवं शनिवार को प्री-नर्सरी से कक्षा IX तक के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद दिवस का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे हाउस झंडों, उत्साहवर्धक नारों और तालियों की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर खेल भावना से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ औपचारिक उद्घाटन के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग रोचक एवं कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हैंडबॉल रेस, कैप द कोन रेस, फ्रॉग रेस और पास द हुला हूप जैसी मनोरंजक स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास ने अभिभावकों व शिक्षकों का मन मोह लिया।

वहीं जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने हर्डल रेस, मैथ्स रेस, स्लो साइक्लिंग रेस, शॉटपुट और रस्साकशी जैसी प्रतिस्पर्धाओं में अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन, एकाग्रता और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
जानकारी देते हुए विद्यालय के निदेशक हर्ष पंसारी ने कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क जैसे जीवन-मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम की सफलता के लिए निदेशक ने मुकेश झा, संतोष कमाती एवं दीपक सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। प्रत्येक खेल के विजेताओं को मंच पर मेडल, प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मगौरव की भावना और अधिक प्रबल हुई। समापन अवसर पर सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।







