पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव: साइंस कॉलेज कैंपस में फायरिंग से हड़कंप, उम्मीदवार हिरासत के बाद हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के दौरान साइंस कॉलेज कैंपस में फायरिंग से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया, जबकि एक उम्मीदवार को हिरासत में लेने के बाद कॉलेज ऑफ कॉमर्स में समर्थकों ने हंगामा किया। सिटी एसपी ममता कल्याणी ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर हालात को नियंत्रित किया।

News Desk Patna:

पटना विश्वविद्यालय में शनिवार 28 फरवरी को छात्र संघ चुनाव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पटना साइंस कॉलेज कैंपस में वोटिंग के दौरान फायरिंग की सूचना मिली। गोली चलने की खबर मिलते ही परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पीरबहोर थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और कैंपस से एक खोखा बरामद किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

इससे पहले दिन में कॉलेज ऑफ कॉमर्स परिसर में भी हंगामा हुआ था। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद उनके समर्थक आक्रोशित हो उठे। समर्थकों ने “रिंकल यादव को रिहा करो” और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बना दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

मौके पर सिटी एसपी ममता कल्याणी भी पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में कैंपस का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।

छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान सुबह 8:30 बजे शुरू हुआ, जो दोपहर 2:30 बजे तक चला। विश्वविद्यालय के लगभग 19,743 मतदाताओं ने अपने प्रतिनिधियों के चयन के लिए मतदान किया। अंतिम चरण में केवल लाइन में लगे मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति दी गई। मतदान समाप्ति के बाद शाम 4:30 बजे से मतगणना शुरू होने की संभावना है और देर रात तक परिणाम घोषित किए जाने की उम्मीद है।

Leave a Comment