Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले में बकरीद का पर्व गुरुवार को पूरे उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों और कस्बों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुबह ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचकर बकरीद की नमाज अदा की तथा देश और समाज में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।

सुपौल शहर स्थित बड़ी ईदगाह में बकरीद के मौके पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग यहां नमाज अदा करने पहुंचे। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण ईदगाह परिसर पूरी तरह भर गया, जिसके बाद कई लोगों ने सड़क पर ही नमाज अदा की। पूरे इलाके में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
बकरीद के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन भी सुपौल की बड़ी ईदगाह पहुंचे। उन्होंने नमाज अदा करने आए लोगों से मुलाकात कर उन्हें बकरीद की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान और आपसी भाईचारे का पर्व है, जो समाज को प्रेम, एकता और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज का दिन कुर्बानी और इंसानियत के जज्बात को समझने का दिन है।
पर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी ईदगाह समेत जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे, जिससे पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर बकरीद की बधाई दी और खुशियां साझा कीं।







