Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलारी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 55 वर्षीय राधेश्याम शाह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि राधेश्याम शाह खेत से पटुआ काटकर ट्रैक्टर-ट्रेलर पर लादकर उसकी बोराई कराने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे चलती ट्रैक्टर-ट्रेलर से नीचे गिर पड़े। गिरते ही ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और किसान को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।






