सुपौल में तीन वर्षीय बच्ची से मारपीट का वीडियो वायरल, आरोपी पिता गिरफ्तार; बच्ची को संरक्षण गृह भेजा गया

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय बच्ची की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी मां के साथ संरक्षण गृह भेजा गया है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद यह मामला चर्चा में आया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक छोटी बच्ची के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा था। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और चाइल्ड हेल्पलाइन, स्थानीय प्रशासन तथा राघोपुर पुलिस की संयुक्त टीम को मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

जांच के दौरान टीम संबंधित स्थान पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इसके बाद बच्ची को उसकी मां के साथ राघोपुर थाना लाया गया, जहां पूरे मामले की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बच्ची की सुरक्षा और देखरेख को प्राथमिकता देते हुए आगे की प्रक्रिया शुरू की।

मामले में चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना में कांड संख्या 192/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा-75 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने बताया कि बच्चे रो रहे थे और इसी वजह से वह उन्हें डांट रहे थे। हालांकि वायरल वीडियो को आधार बनाकर पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। वहीं बच्ची और उसकी मां को सुरक्षा एवं उचित देखरेख के लिए संरक्षण गृह भेज दिया गया है, ताकि उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Comment