सुपौल: दवा नहीं मिलने का वीडियो वायरल पड़ा भारी, डॉक्टरों से अभद्रता के आरोप में एफआईआर दर्ज

राघोपुर रेफरल अस्पताल में दवा नहीं मिलने की शिकायत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों से कथित अभद्रता के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर रेफरल अस्पताल में दवा नहीं मिलने की शिकायत को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को नारायणपुर निवासी शिव शंकर मेहता दवा नहीं मिलने की शिकायत लेकर रेफरल अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसके बाद अस्पताल परिसर में वीडियो बनाकर उसे फेसबुक और यूट्यूब सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया, जिसमें डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

इस मामले में रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। आवेदन में कहा गया है कि वायरल वीडियो और कथित अभद्र व्यवहार से अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में रोष व्याप्त है तथा इससे अस्पताल का कार्य प्रभावित हुआ है।

पुलिस ने अस्पताल प्रशासन के आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना कांड संख्या 267/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]