सुपौल: सीमावर्ती क्षेत्रों का एसपी शरथ आर. एस. ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के दिए निर्देश

सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान थाना प्रभारियों को गश्त, वाहन जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के वीरपुर स्थित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण किया। वीरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार मौके पर उपस्थित थे। इस दौरान अधिकारियों ने सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में गश्ती, वाहन जांच अभियान तथा निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार सतर्कता बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा नियमित रूप से वाहन जांच एवं सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे।

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी विषम परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने का भी निर्देश दिया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और आमजन की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]