Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर वार्ड नंबर-05 में एक महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पति को हिरासत में लिया तथा उसके पास से एक पुरानी जंग लगी एक नाली बंदूक और लोहे की तलवार बरामद किए जाने की बात सामने आई है।
पीड़िता सोनिया देवी ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उसका पति राघोपुर बाजार में चाय की दुकान चलाता है और अक्सर शराब के नशे में घर आकर उसके साथ मारपीट एवं गाली-गलौज करता है।
महिला के अनुसार मंगलवार की रात करीब 12 बजे उसका पति चाय की दुकान से घर आया और आते ही उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। इसके बाद पति ने ग्रामीणों के साथ भी गाली-गलौज की, जिसे लोगों ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
महिला ने आरोप लगाया कि बुधवार की सुबह करीब 8 बजे उसका पति फिर उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान उसके हाथ में एक हथियार और तलवार थी तथा वह जान से मारने की धमकी दे रहा था। महिला द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर डायल-112 और राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। आवेदन के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के पास से एक पुरानी एवं जंग लगी टूटी हुई एक नाली बंदूक तथा लोहे की पुरानी जंग लगी तलवार बरामद की। पुलिस आरोपी को दोनों हथियारों के साथ थाना ले गई। पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर अपने पति अर्जुन मंडल के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पीड़ित पत्नी के आवेदन के आधार पर कार्यवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बताया कि आरोपी के पास से जंग लगी टूटी हुई एक नाली बंदूक तथा लोहे की पुरानी जंग लगी तलवार बरामद हुई है।







